सोमवार, जून 14

पूर्ण गगन प्रतिबिम्बित जिसमें

पूर्ण गगन प्रतिबिम्बित जिसमें 


ठहर गया प्रमुदित मन-अंतर

नयन मुंदे, अधर मुस्काते,

परम बुद्ध  की शुभ मूरत पर 

लोग युगों से वारी जाते !


मोहक मुद्रा अभय बरसता 

थिर हो जैसे सर्वर दर्पण, 

पूर्ण गगन प्रतिबिम्बित जिसमें 

चमकें चन्द्र और तारा गण !


मीलों भटक-भटक  राही को 

जैसे कोई ठाँव मिल गया, 

जंगल-जंगल घूम रहा था 

आखिर सुंदर गाँव मिल गया !


क्या पाया जब पूछा जग ने 

बुद्ध हँसे,  कुछ नहीं कमाया, 

बोझ लिए फिरता था मन जो  

एक-एक कर उन्हें बहाया !


है हल्का उर उड़े गगन में 

कभी कोई न तृषा सताये, 

चाह मिटी तो जग पीछे था 

करुणा सहज परम बरसाए !



 

6 टिप्‍पणियां: