सोमवार, नवंबर 16

आये हो तुम बनकर धड़कन


गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की गीतांजलि से प्रेरित पंक्तियाँ


आये हो तुम बनकर धड़कन

तुमने जो प्रेम सुधा सौंपी

रच बस गयी मेरे कण-कण में,

उस प्रीत माधुरी को पीने

तुम आये हो मेरे मन में !


अंतर्मन में है गूंज रहा

इक राग मधुर बन कर वंदन,

उस स्वरलहरी को सुनने ही

आये हो तुम बनकर धड़कन !


नयनों में बिम्ब इस सृष्टि का 

जो प्रेम तत्व से रची गयी

उस दृश्य अनोखे को लखने

तुम आये हो मेरे उर में !


जो छिपा रहा जग आँखों से

जो व्यक्त कभी ना हो पाया,

वह गीत मधुर, रसमय तुमको

अर्पित है आज, परम मेरे !

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें