आईना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आईना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, सितंबर 19

जीवन क्या है


जीवन क्या है

कौन जानता, जीवन क्या है
 श्वासों का आना-जाना है ?
जन्म से मृत्यु की घड़ियों में
स्वयं से प्रीत बढाना है ?

जग तो इक आईना ही है
जिसमें खुद की झलक मिल रही,
नए-नए रस्तों पर चल के
एक वही तस्वीर खिल रही !

तन साबुत रखने की खातिर
मन को मार रहा है कोई,
मन को उसका चैन दिलाने
खुद को हार रहा है कोई !

तन-मन से भी ऊब गया जो
भेद सृष्टि के पाना चाहे,
नींद, क्षुधा बिसरा के पल-पल
ज्ञान की जोत जलाना चाहे !

जीवन एक है तल अनेक हैं
सत्य सभी के जुदा यहाँ हैं,
महलों में कोई है उनींदा
फुटपाथों पर नींद जवां है !

अजब खेल है यह जीवन का
सभी यहाँ व्यस्त लगते हैं,
अंत में खाली जाते देखा
जाने क्या दिल में भरते हैं !