समृद्धि, आरोग्य और शुभता के पर्व
धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएँ!
ज्योति पर्व का शुभारंभ है
संस्कृति अति अनोखी हमारी,
कार्तिक कृष्णपक्ष त्रयोदशी
धनतेरस की महिमा न्यारी !
धन, वैभव आरोग्य व मंगल
धन्वंतरि भगवान दे रहे,
सागर मंथन से प्रकटे थे
लेकर अमृत कलश हाथों में !
सर्वोत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु की
करें कामना पूरे मन से,
माँ लक्ष्मी व कुबेर देव भी
पूजित होतें है जन-जन से !
साफ़-सफ़ाई, दीप प्रज्वलन
सुख-समृद्धि किसे नहीं भाती,
स्वर्ण, रजत या किसी धातु के
अलंकार व वस्तु घर आती !
सांय काल यम के हेतु एक
दीप जलाकर बाहर रखते,
रक्षा सदा अकाल मृत्यु से
यही कामना मन में रखते !
सौहार्द व संतोष बढ़ायें
तभी मनेगा सच्चा उत्सव,
तन-मन स्वस्थ, प्रेम अंतर में
यही सिखलाता सुंदर पर्व !

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें