कभी-कभी ही ऐसा अवसर आता है जब सारा परिवार एकत्र होता है
और उस अपनेपन की ख़ुशबू हर कोई महसूस करता है,
जो व्यस्त जीवन में कहीं खो जाती है।
ऐसे ही एक अवसर की याद पिरोई हुई है इस रचना में।
एक मिलन हुआ ऐसा भी
दिवस सुहाने, माह नवम्बर
न ही गर्मी न सर्दी का डर,
पापा से मिलने आये थे
थे प्रसन्न वह, सबसे मिलकर !
सँग लाए वे भेटें अनुपम
मिठाईयों का इक भंडार,
दीवाली के बाद मिले थे
मीठा-मीठा बड़ा व्यवहार !
मलाई गिलौरी, लड्डू भी
बूंदी चूर, बरफियाँ अनगिन
बने व्यंजन मेवों, सेव से
खाए मिलजुल सबने हरदिन !
वजन बढ़ा या घटा औंस भर
नापा करते बारी बारी,
अभी नाश्ता खत्म हुआ नहीं
दोपहरी की हो तैयारी !
फिर बारी सैरों की आती
दो कारों में सभी समाते
रोज नापते भारत धरती
दूर-निकट जगहों में जाते !
नदी किनारे, पुल के ऊपर
पार्क के झूले मन मोहते
पंछी, धूप, हवा, पानी सँग
हरी घास पर सभी झूमते !
मिलकर उनो व कैरम खेला
झूले में भी पींग बढाई,
पौधों को नहलाया जल से
ग्रुप में फोटो खूब खिंचाईं !
मोनोपोली के चक्र चले
फेसबुक पर सभी पहुँच गए,
एक जगत जो यह दिखता है
दूजा फ़ोन स्क्रीन के पीछे !
मेलजोल से हर दिन बीता
खुशियाँ जैसे झलक रहीं थीं,
योग, प्राणायाम के बल पे
सेहत सबकी ठीक रही थी !
ऐसा एक मिलन था अद्भुत
इस कविता में जो व्यक्त हुआ,
और दिलों में जो अंकित है
बड़े ही प्रेम से खुदा हुआ !

पढ़कर बहुत अच्छा लगा
जवाब देंहटाएं