गुरुद्वार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गुरुद्वार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, फ़रवरी 10

शरण गए बिन बात न बनती

शरण गए बिन बात न बनती 


अंधकार मन का जो हरता 

ज्ञान मोतियों से उर भरता 

उसकी महिमा कही न जाती 

गुरुद्वार पर भीड़ उमड़ती 

शरण गए बिन बात न बनती 


शरण गए बिन बात न बनती !


हर पीड़ा का कारण जाने 

भीतर बाहर वह पहचाने 

परम सत्य तक खुद ले जाता 

उसके निकट अभय मन पाता 

आँखों से शुभ कृपा झलकती 


शरण गए बिन बात न बनती !


अहम आवरण वही गिराए 

सहज ही सुख राह पर लाये 

एक आस विश्वास वही है 

उससे दिल की बात कही है 

वरना कौन सहारा  जग में 

किसी ठौर नहीं मुक्ति आती 


शरण गए बिन बात न बनती !



 

शनिवार, दिसंबर 7

वही सदा मुक्त है


वही सदा मुक्त है

जो भी सुना है
जो भी अनसुना रह गया है
जो भी जाना है
जो भी अजाना रह गया है
जो भी कहा है
जो भी अनकहा रह गया है
जो भी लखा है
जो भी अदेखा रह गया है
वह इन सबसे जुदा है
वही खुदा है !

जो मंदिर में भी है
जो मंदिर में ही नहीं है
जो मस्जिद में भी है
जो मस्जिद में ही नहीं है
जो गिरजे में भी है
जो गिरजे में ही नहीं है
जो गुरुद्वार में  है
गुरुद्वार में ही नहीं है
वही तो सब तरफ है
वही परम है !

जो कल भी था
जो कल भी रहेगा
जो आज भी है
आज के बाद भी रहेगा
जो समय से पूर्व था
समय के बाद भी रहेगा
वह कालातीत है
वही प्रीत है !

जो अति सूक्ष्म है
जो अति विशाल है
जो निकटस्थ है
जो सबसे दूर है
जो अनंत है
वही परम् आनंद है !

जो आँखों से दिखाता है
नजर नहीं आता है
जो कानों से सुनाता है
सुना नहीं जाता है
जो मन से लुभाता है
नींदों में सुलाता है
जो नित्य जाग्रत है
वही सदा मुक्त है !