शुक्रवार, सितंबर 10

गणपति का पूजन करते हैं

गणपति का पूजन करते हैं


मूल आधार में स्थित रहते 

हैं शुभता का प्रतीक गणेश, 

प्रिय अबोध बालक देवी के 

चैतन्य परम प्रसाद गणेश !


विघ्नों की बाधा हरते हैं 

मानवता को राह दिखाते, 

पवित्रता असीम फैलाएँ 

पुण्य शक्ति की रक्षा करते !


अंतर सहज समृद्ध बनाते 

गणपति का पूजन करते हैं, 

मानवों की बुद्धि सीमित है 

गज का वह मस्तक धरते हैं !


भीतर जब शुचिता छायी हो 

माँ की तभी कृपा बरसेगी, 

नित्य साधना गणपति की जब 

शुभ शक्ति तभी जागृत होगी !


मेधा को पावन करते हैं 

सत् असत् का रहस्य बताते, 

दृष्टि हो पावन चित्त भी स्थिर 

नीर-क्षीर मनीषा जगाते !


4 टिप्‍पणियां:

  1. गणपति प्रकाश हैं ... अग्रज हैं ...
    सभी विघ्न हरते हैं ... गणेश चतुर्थी की हार्दिक बधाई हो ...

    जवाब देंहटाएं