गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की गीतांजलि से प्रेरित पंक्तियाँ
आये हो तुम बनकर धड़कन
तुमने जो प्रेम सुधा सौंपी
रच बस गयी मेरे कण-कण में,
उस प्रीत माधुरी को पीने
तुम आये हो मेरे मन में !
अंतर्मन में है गूंज रहा
इक राग मधुर बन कर वंदन,
उस स्वरलहरी को सुनने ही
आये हो तुम बनकर धड़कन !
नयनों में बिम्ब इस सृष्टि का
जो प्रेम तत्व से रची गयी
उस दृश्य अनोखे को लखने
तुम आये हो मेरे उर में !
जो छिपा रहा जग आँखों से
जो व्यक्त कभी ना हो पाया,
वह गीत मधुर, रसमय तुमको
अर्पित है आज, परम मेरे !

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें