यीशू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यीशू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, दिसंबर 24

क्रिसमस की पूर्व संध्या पर

क्रिसमस की पूर्व संध्या पर


 याद है
छत से लटकता वह लाल सितारा
नन्हा सा बल्ब जिसमें छुपा था
गमले में उगे क्रिसमस ट्री पर
 सजे नन्हे-नन्हे खिलौने और गुड़िया का घर  
घर से आती केक के पकने की मीठी सुवास और
एक के बाद एक यीशू के गीत
 छोटी बहन के अधरों पर
स्कूल के चैपल में उसने सीखे थे जो
सोना व लोबान लेकर आये
तीन सिद्ध पुरुषों की बानियाँ
मरियम और जोसफ की कहानियाँ
भेड़ों के बीच जन्मा नन्हा मसीहा

क्रिसमस पर कितना कुछ याद आता
संत निकोलस की दरियादिली
रेनडियर पर होकर सवार
बर्फ पर कैसे उसकी स्लेज फिसलती
और रातों को वह जुराबों का टांगना
फिर सुबह होते ही भागकर देखना
इस बरस सांता ने क्या दिया
क्रिसमस है कितना अनोखा !
ख्वाब भरता है आँखों में
दिलों में भरता है मिठास
और गीत भरता है अधरों पर
चर्च से आती घंटियों की आवाज
याद दिलाती.. किसी मधुर संगीत की
जो सोया है अभी आत्मा में.. जिसे जगाना है
लाल फ्रॉक्स में सजी नन्हीं बालिकाओं
और सुंदर ड्रेस में सजे बालकों के कैरोल
भर जाते हैं आह्लाद भीतर
लगता है तब जैसे
क्रिसमस का अर्थ गुनगुनाना है
यह उल्लास का प्रतीक है
विश्वास और आस का प्रतीक भी
मुबारक हो आप सभी को
अनोखा यह त्योहार
भर जाये जिंदगी में सुहानी बहार !


सोमवार, दिसंबर 24

आया हूँ मैं प्रेम लहर बन



आया हूँ मैं प्रेम लहर बन

अंधकार में जो बैठे थे
ज्योति उन्हें जगाने आई,
मृत्यु की छाया थी जिन पर
जीवन सरिता थी लहराई !

कहा था उसने, जागो अब तो
अपने भीतर स्वर्ग को पा लो
आया हूँ मैं प्रेम लहर बन
अंतर-बाहर सभी भिगा लो !

झील किनारे जब गलील की
इक दिन यीशू टहल रहे थे,
जाल डालते देख कहा यह  
आओ, मेरे पीछे पीछे !

 पतरस, अन्दियास के जैसे  
याकूब और यूहन्ना भी,
साथ हो लिए थे यीशू के
पीड़ा हरते तन की मन की !

सभागृहों में घूमा करते
देश सीरिया में मिलकर नित,
स्वस्थ किया रोगों से जन को
यश फैला था उनका अद्भुत !

सुना है तुमने, दंड मिलेगा
जो हिंसा का कृत्य करेगा,
लेकिन वह भी दोषी होगा
जो भाई पर क्रोध करेगा !

चाहे जितनी बार कही हो
मधुर प्रार्थना बारम्बार,
मन में यदि द्वेष भरा हो
पूजा न होती स्वीकार !

स्वर्ग पिता का सिहांसन है
ध्यान रहे यह सत्य हो वाणी,
धरती है पांव की चौकी
पड़े किसी को शपथ न खानी !

बाहर भीतर एक हुआ जो
वही प्रभु का प्यारा बनता,
शत्रु नहीं जगत में जिसका
नहीं दिखावा जिसको भाता !

धर्म व्यवस्था दृढ़ करने ही
यीशू इस जग में था आया,
उसकी प्रीत में झूमें मिल कर
क्रिसमस यही सिखाने आया ! 

रविवार, दिसंबर 25

बड़े दिन पर खास आपके लिये हार्दिक शुभकामनाओं सहित


बड़े दिन पर खास आपके लिये


वह एक चरवाहा है
और मैं उसके रेवड़ की सबसे छोटी भेड़
वह बचाता है, जहरीली झाडियों से,
कंटीली राहों से और अनजान गड्ढों से
दुलराता है अपने हाथों में ले....

वह पिता है
और मैं भटका हुआ पुत्र
जो घर लौट आया है
बाद बरसों के  
पिता ने जिसके स्वागत में
किया है कितना विशाल आयोजन...

वह किसान है
और मैं उसके हाथ में पड़ा बीज
जो कभी गिरा चट्टान पर
कभी पगडंडी पर
और आज कोमल भूमि में
एक दिन खिलाएगा जो पुष्प
होने अर्पित उसी को...

वह एक मछुवारा है
जो फंसाता है मनुष्यों को
अपने जाल में
चुने जायेंगे कुछ उनमें से
और शेष लौटा दिये जायेंगे
पुनः भवसागर को...