मूल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मूल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, अगस्त 6

मन और जीवन


मन और जीवन  
छोटी-छोटी उलझनों में खोया मन 
देख ही नहीं पाता स्वयं को 
हृदय कमल पर केवल ब्रह्मा ही तो नहीं विराजते 
जो खोजने निकल पड़ते हैं निज मूल 
और भेंट होती है उनकी नारायण से 
 करे प्रवेश यदि हृदय गुहा में 
मन डरे  बिना बढ़ता ही चले 
तो सम्भवतः दर्शन करेगा किसी क्षण में 
उस विराट का 
पर  लगा है वह किसी न किसी उधेड़बुन में 
भय, आशंका, लोभ अथवा 
कल्पनाओं के महल गढ़ जाने किस धुन में  
मनोराज चलता रहेगा 
जब तक... स्वयं को छलता रहेगा 
जीवन से बिना मिले ही हो जायेगा विदा !
पर जीवन ? 
क्या वह उत्सुक नहीं उससे मिलने को 
पुनः पुनः इसी धरा पर जन्मा 
कराने एक और यात्रा…
इन्हीं यात्राओं में एक यात्रा होगी अंतिम 
जिसमें मन जीवन बन जायेगा 
दिन-रात आनंद के फूल खिलायेगा ! 

शुक्रवार, जून 16

ओ मेरे मन !

ओ मेरे मन !


ओ मेरे मन !
जरा थम तो सही
कर पहचान खुद से
हजार छिद्रों वाला तू
पूर्ण क्योंकर हो सकेगा
अभाव यह तेरा कभी न भरेगा
तू मान ही ले
यह सच्चाई आज जान ही ले

तुझे ऐसा ही बनाया है
ऊपरवाले ने ही खेल रचाया है
तू कभी गाता कभी रोता है
दोनों बार ही नयन भिगोता है
दो कलों के मध्य डोलता रहता
कभी न खुद के करीब होता है

ओ मेरे मन !
थम जायेगा तू जिस पल
रुक जाएगी तेरी हलचल
जानेगा अपने कूल को
प्रकाश के उस मूल को


बुधवार, जुलाई 31

जुड़ें रहें जो मूल से

जुड़ें रहें जो मूल से



उस दिन एक
वृक्ष को बतियाते देखा
वही गीता वाला  
पीपल का वह विशाल वृक्ष !
जिसका मूल है ऊपर, शाखाएँ नीचें
 तना वृद्ध था, मुखिया जो
 ठहरा घर का !

कुछ शाखाएँ पहली पीढ़ी
उम्र हो चली, सो संयत हैं
नई-नई अभी कोमल हैं
 नाचा करतीं हर झोंके संग
धीरे-धीरे ही सीखोगी, कहा वृद्ध ने
 जब मौसम की मार सहोगी
कभी धूप, बौछारें जल की
सूनी शामें जब पतझड़ की
तब जानोगी, क्या है जीवन ?
पत्ता-पत्ता छिन जायेगा
गहन शीत में तन काँपेगा,

खिलखिल हँस दी कोमल टहनी
 जब तक साथ तुम्हारा बाबा
हम जीवित है
तुमसे पोषण मिलता
हमको, सब सह लेंगे
किन्तु हुईं जो पृथक जानना
मिटना ही उनकी नियति है
जुड़ा रहा जो मूल से उसको
कैसे कोई हिला सकेगा
अपना योगदान देकर वह जग को  
 हँसते-हँसते विदा कहेगा....!