गुजरात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गुजरात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, मई 10

कुछ दिन गुजरात में - ४

कुछ दिन गुजरात में - ४ अंतिम भाग



भुज

टाइम्स स्क्वायर 

हमारा अगला कार्यक्रम कच्छ रण महोत्सव में सम्मिलित होना है। कच्छ का रण अथवा रेगिस्तान गुजरात के कच्छ ज़िले के उत्तर-पूर्व में फैला एक लवणीय वीरान स्थान है। भूचाल के कारण संभवत: यह समुद्र से पृथक हो गया होगा। कच्छ जाने के लिए निकटतम स्थान भुज है। द्वारिका से भुज जाने के लिए आज सुबह आठ बजे रवाना हुए। मालवा होते हुए जामनगर पहुँचे, जहां विश्व की सबसे बड़ी तेल रिफ़ाइनरी है। ‘बाला हनुमान मंदिर’ में हनुमान जी के दर्शन किए। मंदिर में  “श्री राम, जय राम, जय जय राम” का जाप चल रहा था, बताया गया, १ अगस्त १९६४ को इसका जाप शुरू हुआ था और तब से दिन-रात निरंतर यह जाप चल रहा है। इसके सामने ही रणमल झील तथा एक सुंदर महल की इमारत है। हज़ारों की संख्या में लैपविंग पक्षी सड़क किनारे बैठे हुए थे, जो अचानक एक साथ उड़ान भरते थे और फिर सड़क पार कर एक साथ बैठ जाते थे। यह एक अविस्मरणीय दृश्य था। 




शाम को हम ‘वन्दे मातरम् मेमोरियल’ देखने गये, जिसकी आकृति भारतीय संसद भवन के समान बनायी गई है । जो भुज से दस किमी दूर है। इस अनोखे राष्ट्रीय स्मारक में स्वतंत्रता संग्राम तथा महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े अनेक चित्र व वस्तुएँ सहेजी गई हैं। पूरा वातावरण अत्यंत सुंदर व आनंददायक है। बाग-बगीचे, विशाल मूर्तियाँ और संग्रहालय इसे दर्शनीय बनाते हैं। रात्रि में एक ‘लाइट एंड साउंड शो’ भी वहाँ होता है। जिसे देखकर पर्यटकों के भीतर राष्ट्रीय गौरव तथा देशप्रेम की भावना जागती है। हम ‘स्वामी नारायण मंदिर’ देखने भी गये, पर भुज धाम पहुँच गये। जहाँ अनेक देवी देवताओं की आकर्षक मूर्तियाँ रखी हुई थीं, कीर्तन चल रहा था, कुछ महिलाएँ प्रसाद बना रही थीं। 



कच्छ 

टेंट सिटी 

आज गणतंत्र दिवस है। सुबह पुत्र और पुत्रवधू भी मुंबई से आ गये। कल रात पौने दो बजे वे बैंगलुरु से मुंबई पहुँचे थे। रिजार्ट में गणतंत्र दिवस का समारोह मनाया गया। सभी अतिथियों को आमंत्रित किया गया था। जब हम आयोजन स्थल पर पहुँचे, होटल के सभी कर्मचारी पंक्तिबद्ध खड़े थे। झंडा आरोहण के बाद बूँदी के लड्डुओं का प्रसाद भी बाँटा गया। पौने ग्यारह बजे हम सब धोरडो टेंट सिटी, रण, कच्छ के लिए रवाना हुए। लगभग दो घंटे में हम निर्धारित स्थान पर पहुँच गये। सबसे पहले महिला गाइड द्वारा हमें वहाँ की गतिविधियों से अवगत कराया गया। 



यहाँ चारों और चहल-पहल है। सुंदर भवन, साफ़-सुथरी सड़कें और जगह-जगह भव्य झांकियाँ सजायी गई हैं। लोक कलाकृतियाँ सभी का मन मोह रही हैं। कच्छ के वस्त्रों व अन्य कलात्मक वस्तुओं की दुकानें हैं। पूरे क्षेत्र को चौदह भागों में बाँटा गया है। जहां एसी और नॉन एसी आधुनिक टेंट लगे हैं, जिनमें सभी सुविधाएँ मौजूद हैं। एक गोलाकर आकृति में वे टेंट लगाये गये हैं तथा मध्य में विशाल ख़ाली मैदान है, जिसे हरे रंग की चादर से ढक दिया गया है, जो दूर से हरी घास का आभास दिलाता है । एक विशाल प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्टेज बना है, जहां शास्त्रीय और लोक, दोनों प्रकार की कलाओं का प्रदर्शन किया जाता है। एक विशाल टेंट में डाइनिंग हॉल है, हमने सैकड़ों अन्य पर्यटकों के साथ दोपहर का स्वादिष्ट, विशिष्ट गुजराती भोजन ग्रहण किया।आकर्षक दुकानें जैसे अपनी ओर बुला रही थीं, कुछ देर घूमकर उनका जायज़ा लिया, फिर अजरख के वस्त्र, एक पेंटिंग, रण उत्सव को दर्शाती रंगीन टीशर्ट्स आदि ख़रीदे। कुछ देर विश्राम करने के बाद हम रण उत्सव के आयोजकों की बस द्वारा व्हाइट रण तक पहुँचे, जहां से ऊँट गाड़ियों द्वारा और आगे ले जाये गये। वहाँ मीलों दूर तक तक केवल श्वेत मैदान ही नज़र आता है। हम आगे बढ़ते रहे और लगभग दो घंटे नमक के उस सफ़ेद मैदान पर टहलने के बाद वापस आ गये। रात्रि भोजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के बाद पुन: व्हाइट रण ले जाया गया, जहां पूर्णिमा के चाँद के प्रकाश में नमक के मैदान दूधिया आभा बिखेर रहे थे। हमने मध्य रात्रि तक वहाँ अविस्मरणीय समय बिताया और अब वापस अपने निवास लौट आये हैं। 



रण महोत्सव के आयोजकों द्वारा आज सुबह साढ़े छह बजे योग साधना करवायी गई। आसन, प्राणायाम, ध्यान में एक घंटा कैसे बीत गया पता ही नहीं चला। आकाश में चंद्र देव  सुशोभित हो रहे थे और हवा शीतल थी, ऐसे में दो योग शिक्षकों ने योग कक्षा को निर्देशित किया। नाश्ते के बाद हम धौलावीरा  के लिए रवाना हो गये। मार्ग में व्हाइट रण के एक अन्य केंद्र पर पैराग्लाइडिंग का आनंद उठाया। ज़मीन से दो सौ मीटर ऊपर हवा बहुत ठंडी थी, ऊँचाई से दूर-दूर तक श्वेत मैदान को निहारते हुए आकाश में उड़ने अथवा तैरने का यह प्रथम अनुभव था। धौलावीरा के मार्ग में सड़क नमक की एक झील के मध्य से गुजरती है। अति विशाल लवणीय झील में पक्षी भी दिखे। बीच-बीच में पानी कम हो गया था, नमक के खेत बन गये थ, जिन पर लोग चहलक़दमी कर रहे थे। एक ऊँट वाला भी था, जिस पर चढ़कर लोग तस्वीरें खिंचवा रहे थे। 


धोलावीरा में सिंधु घाटी की सभ्यता के अवशेष तथा खंडहर मिलते हैं।भारत स्थित हड़प्पा सभ्यता के अवशेष धौलावीरा में गाइड ने कई महत्वपूर्ण स्थान दिखाये। पाँच हज़ार साल पुरानी इस सभ्यता में किस तरह नगरों का निर्माण किया जाता था, जिनमें पानी का संरक्षण किस तरह किया जाता था, आदि का वर्णन किया।वे स्थान भी दिखाए, जहां नहरों से आया पानी स्वच्छ होकर जमा होता था। नगर की नालियाँ ढकी हुई थीं। कुँए थे, जिनमें सीढ़ियाँ बनी थीं। देखकर बहुत आश्चर्य हुआ तथा गर्व भी कि हम उसी सभ्यता के वंशधर हैं। शाम सवा छह बजे हम अंजर पहुँच गये हैं।यहाँ इस होटल में हमें एक रात बितानी है। कल सुबह वापसी की यात्रा आरंभ होगी। मुंबई होते हुए कल देर रात हम बैंगलोर पहुँच जाएँगे। 


सोमवार, अप्रैल 1

कुछ दिन गुजरात में - २

कुछ दिन गुजरात में - २


गिर वन्यजीव अभयारण्य 


आज सुबह हम केवड़िया से साढ़े आठ बजे रवाना हुए और शाम को सात बजे गिर पहुँच गये। संपूर्ण गुजरात में ही सड़कें बहुत अच्छी हैं, और इस मार्ग पर यातायात भी अधिक नहीं था। हमारा ड्राइवर मेहुल बहुत सुरक्षित गाड़ी चला रहा था। उसमें एक ही बात अखर रही थी, वह दिन भर पान मसाला खाता रहता और रास्ते में चलते हुए कई बार कार का दरवाज़ा खोलकर मुँह साफ़ करता। जब हम राजकोट मपहुँचे,  दो भव्य मंदिर देखने को मिले। पहला था अठाहरवीं शताब्दी के संत जलाराम का मंदिर, जिनकी कहानी चमत्कारों से भरी है। उन्हें किसी साधु ने राम की मूर्ति दी थी और कहा था हनुमान भी अपने आप पीछे आयेंगे।और ऐसा ही हुआ। मंदिर में उन स्वयंभू हनुमान की मूर्ति भी थी। दूसरा श्री खोडाल धाम मंदिर था, जो गुजरात के पटेल समुदाय ने बनवाया है। यह मंदिर भी सोमनाथ के मंदिर की तरह बना है, पर आकार में उससे छोटा है। उड़ीसा के कलाकारों ने इसकी बाहरी दीवारों पर मूर्तियों का निर्माण किया है तथा भीतर राजस्थान से मँगवायीं श्वेत संगमरमर की मूर्तियाँ हैं। जिन्हें देखने से लगता है वे अभी बोल पड़ेंगी। इस रिजार्ट में रात्रि भोजन के बाद आदिवासी सिंह नृत्य का आयोजन किया गया है। 

आज सुबह साढ़े सात बजे हम हिरण नदी के किनारे पक्षी दर्शन के लिए गये। अनेक सुंदर पक्षियों को उनके प्रकृति आवास में देखकर अति आनंद हुआ, हमने कई सुंदर तस्वीरें उतारीं। दोपहर को दो बजे जंगल सफारी के लिए जाना था। ड्राइवर लालू ने पैंतालीस किलोमीटर के निर्धारित इलाक़े में घुमाया। गाइड शैलेश भी साथ था, जिसने एशियाई बब्बर शेरों तथा जंगल के बारे में कई जानकारियाँ दीं। उसका परदादा नामधारी थे, जो पशु पालन का काम करते हैं। यहाँ सदियों पूर्व अफ़्रीका से आये लोग भी रहते हैं। इस राष्ट्रीय उद्यान में चीतल, नीलगाय,सांभर, हिरण आदि बहुतायत में मिल जाते हैं। शेरों की संख्या बढ़ने में इनका भी योगदान है। हमें एक नर शेर दिखायी दिया, फिर शेरनी व उसके दो बच्चे भी। शाम को लौटे तो सूर्यास्त होने को था। शाम को रिजार्ट वालों की तरफ़ से कुछ खेल खिलाए गये। इसके बाद गिर के जंगलों पर आधारित एक डाक्यूमेंट्री फ़िल्म भी दिखायी गई। 


सोमनाथ 


आज का दिन भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा। आज अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ संपन्न हो गया। मोदी जी ने बहुत अच्छा भाषण दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व राज्यपाल भी वहाँ उपस्थित थे। आज सुबह भी हम सफारी के लिए गये थे, एक शेर के दर्शन हुए। लगभग साढ़े ग्यारह बजे सासन गिर से निकले और एक घंटे में द्वारिका स्थित होटल सरोवर पोर्टिको पहुँच गये। रास्ते में मोबाइल पर प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण देखते रहे। दोपहर तीन बजे तक यह कार्यक्रम चलता रहा। संध्या पूर्व हम प्रभास क्षेत्र में स्थित सोमनाथ मंदिर में दर्शन के लिए गये। मोबाइल व घड़ी पहले ही जमा करवा ली जाती है। मंदिर बहुत भव्य है। मंदिर के कलश पर स्वर्ण की परत लगायी गई है, जो दस टन का है ।इसके बाद हम भालका तीर्थ के मंदिर के दर्शन के लिए भी गये। कृष्ण के देह त्याग की सुंदर मूर्ति वहाँ स्थापित है। पुराणों के अनुसार श्रीकृष्ण भालुका तीर्थ पर पर विश्राम कर रहे थे, तब जरा नामक एक शिकारी ने भूल से उन पर तीर चलाया था, जो उनके पैर के तलुवे में लगा था। इसी स्थान पर कृष्ण ने इहलोक की लीला समाप्त की थी। 


शाम को हम मंदिर के निकट समुद्र तट पर गये, जहाँ हज़ारों की संख्या में उत्साहित भीड़ एकत्र थी। सूर्यास्त के प्रकाश में सागर का जल सोने का सा चमक रहा था। सैकड़ों की संख्या में जल पक्षी उड़ रहे थे और नि:शंक लोगों के पास आकर बैठ रहे थे। हमने कुछ समय वहाँ बिताया फिर मंदिर में  आ गये। लेजर शो की टिकट लेकर कार्यक्रम की प्रतीक्षा करने लगे। धीरे-धीरे वहाँ लोग उपस्थित होने लगे और सारा प्रांगण भर गया। पहले आरती हुई, फिर कीर्तन करवाया गया।इसके बाद हमने सोमनाथ मंदिर के इतिहास को ध्वनि व प्रकाश के अद्भुत शो के माध्यम से मंदिर की दीवारों पर सजीव होते देखा।  कल हमें द्वारिका जाना है। 



परमात्मा कण-कण में है, तीर्थों में उसकी अनुभूति की जा सकती है। जैसे हवा हर जगह है पर पंखे के नीचे बैठकर उसका अनुभव तीव्रता से होता है। सोमनाथ का यह पावन तीर्थ हृदय को हृदय को पावन करने वाला है। युगों पूर्व इसका निर्माण राजा सोम ने करवाया था, जो क्षय रोग से पीड़ित हो गये थे। उन्होंने तप किया, शिव प्रकट हुए। हर युग में इस मंदिर की स्थापना पुन: पुन: होती रही। गजनी के बाद न जाने कितने आक्रांताओं ने इसे तोड़ा और इसकी अकूत सम्पति को साथ ले गये , पर भारत की अक्षुण्ण संस्कृति की यह शाश्वत सामर्थ्य और परंपरा है जिसने इसे बार-बार सृजित किया। इस स्थान की पवित्रता को कोई कैसे ले जा सकता था। शिव की ऊर्जा जो यहाँ स्थायी रूप से स्थापित है उसे नष्ट करने का कोई साधन उनके पास नहीं था। वह ऊर्जा ही समय-समय पर भक्तों के हृदयों में निर्माण का बल भरती रही और आज़ादी के बाद यह सुंदर तीर्थ जो आज हमारे सम्मुख है, प्रकट हुआ। सोम का अर्थ है चंद्रमा, जो मन का प्रतीक है। मन का जो नाथ है वह कल्याणकारी शिव ही प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में यहाँ स्थापित है, उसी का अंश आत्मज्योति के रूप में हमें अपने भीतर जलाना है। जब मन हर कुटिलता को छोड़कर सुडौल पत्थर की भाँति तराश लिया जाएगा तब वह शिवलिंग की भाँति शांति प्रदायक बनेगा। उसकी पूजा दूध, घी, दही, बेल पत्र, मधु, जल, पुष्प आदि से होती है, जो हमारी भावनाओं के प्रतीक हैं। तीनों गुणों से ऊपर उठकर जब हम अपने ह्रदय को आनंद, प्रेम और शांति के त्रिपुंड से सजाते हैं, तब सोमनाथ की कृपा का अनुभव होता है।        






शनिवार, मार्च 30

कुछ दिन गुजरात में

कुछ दिन गुजरात में


सूरत 


हमारी यात्रा कल सुबह प्रारंभ हुई जब साढ़े आठ बजे गुड्डू (पुत्र)की भेजी कार हवाई अड्डे ले जाने के लिए आ गई थी। उसने फ़ोन पर कहा था, नवीन डिजायर लेकर आ रहा है, चार्ज किए हुए कैमरे और ख़ाली एसडी कार्ड के साथ, ताकि हम यात्रा में ढेर सारी तस्वीरें खींच सकें। डिजी यात्रा के कारण अंदर जाने में एक मिनट लगा। चेक इन काउंटर पर थोड़ी प्रतीक्षा करने के लिए कहा गया। कोहरे के कारण कई उड़ानें देर से चल रही थीं। ग़नीमत है, सूरत की उड़ान मात्र आधा घंटा देरी से ही थी। हमने लाउंज में दोपहर का भोजन किया, एक-एक करके सारे अख़बार - मिंट, हिंदू, टाइम्स ऑफ़ इंडिया, हिंदुस्तान टाइम्स आदि सरसरी तौर पर पढ़े, जिनमें अधिकतर समाचार राजनीतिज्ञों द्वारा एक-दूसरे पर किए आरोपों, प्रत्यारोपों के बारे में थे। एक खबर ने ध्यान खींचा, अमेरिका में ट्रंप को विजय मिल सकती है, विवेक रामास्वामी ने अपना नाम वापस ले लिया है। जहाज़ साढ़े तीन बजे सूरत पहुँच गया। हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही ननदोई जी मुस्कुराते हुए दिखे, जो हमें लेने आये थे। उनका घर निकट ही था, सोसाइटी का नाम है अर्णव। 


सूरत की साफ़-सुथरी सड़कों से होते हुए हम घर पहुँचे तो सभी लोग हमारी प्रतीक्षा करते मिले। ननद ने नाश्ते में थट्टे इडली, समोसा और नारियल की चटनी परोसी। उसके बाद बच्चों के साथ कैरम खेला, पतंग उड़ायी और रंगों से चित्र बनाये। सूर्यास्त और कुछ सुंदर तोतों के चित्र उतारे। रात के भोजन तक उनके दामाद भी आ गये। जो आईडीपी कंपनी में काम करते हैं। वह स्वयं आस्ट्रेलिया के सीनियर मैनेजर हैं। वे लोग भारत से विदेश जाने वाले विद्यार्थियों को वीज़ा आदि दिलवाने में सुविधा प्रदान करते हैं। कहने लगे, साल में दो बार काम इतना बढ़ जाता है कि घर लौटने में रात के एक-दो बज जाते हैं। रात के भोजन में सहजन के फूलों की सब्ज़ी और ज्वार की रोटी थी। मिष्ठान में ‘खोया’, जो गुजरात के सिंधी लोगों की एक पसंदीदा मिठाई है। 


अगले दिन सुबह धुंधलका ही था जब हम टहलने निकले। जय श्रीराम के नारों से सजी केसरिया झण्डियाँ पूरी सोसाइटी को शोभायमान कर रही थीं। सूर्योदय के दर्शन किए। प्रात:राश में कोकी, चिवड़ा मटर, खाण्डवी और गाजर का हलवा था। सूत्र फेनी भी पहली बार देखी। ननद अभी से दोपहर के लंच की तैयारी में लग गई है। सिंधी कढ़ी, आलू टुक, दही बड़े तथा रात के लिए सरसों का साग। शाम होने से कुछ पहले हम ‘सुवाली बीच’ देखने गये। जहां दूर-दूर तक काली रेत का मैदान था। लोग ऊँट, घोड़े और क्वार्ड बाइक की सवारी कर रहे थे।हम देर तक मीलों तक फैली भीगी रेत पर टहलते रहे। कहा जाता है, इस समुद्र तट से ही ईस्ट  इंडिया कंपनी ने भारत में प्रवेश किया था और इसे ही भारत की नौसेना का जन्मस्थान भी कहा जाता है। 

स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी


सुबह साढ़े आठ बजे सूरत से रवाना हुए।लगभग तीन घंटे बाद हम एकता नगर, जिसका पूर्व नाम  केवड़िया है, स्थित सरदार सरोवर रिज़ौर्ट पहुँच गये थे।ऐसा प्रतीत हुआ मानो आज हमारा एक स्वप्न पूर्ण हुआ; जब हमने भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की विश्व की सर्वाधिक ऊँची मूर्ति (१८२फ़ीट) देखी, जो एकता नगर में नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर डैम के निकट स्थित है। इसे स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी कहा जाता है ।यहाँ प्रतिदिन हज़ारों लोग आते हैं।दर्शक दीर्घा में चित्रों और वीडियोज़ के द्वारा सरदार पटेल के जीवन के बारे में जानकारी मिली। जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अग्रिम भूमिका निभायी थी और आज़ादी के बाद राज्यों के एकीकरण में उनका अमूल्य योगदान रहा।


मूर्ति के आसपास का इलाक़ा भी अत्यंत सुंदर दर्शनीय स्थलों से घिरा है। जंगल सफारी में कई वन्य जीवों को निकट से देखने का अवसर मिला। अनेक सुंदर पक्षियों को प्राकृतिक वातावरण में उड़ते हुए देखना एक सुखद अनुभव था।यहाँ एक विशाल मॉल भी है जहां हथकरघा पर बने खादी के वस्त्र और हस्त कला के समान मिलते हैं।जंगल सफारी, ग्लो गार्डन, कैक्टस गार्डन, वैली ऑफ़ फ्लावर्स, नर्सरी, आरोग्य वन आदि के रूप में अनेक सुंदर दर्शनीय स्थान हैं।संध्या के सात बजे लेजर शो आरम्भ हुआ। जिसमें संगीत, प्रकाश, और कथ्य के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन और कार्यों को दर्शाया गया। लगभग पंद्रह मिनट का कार्यक्रम मन्त्र मुग्ध कर देने वाला था। 



बुधवार, जनवरी 31

कुछ दिन तो गुजारें गुजरात में

प्रिय ब्लॉगर मित्रों, पिछले दिनों गुजरात की यात्रा का सुअवसर प्राप्त हुआ, यात्रा विवरण लिखने में समय लगेगा, सोचा, जो भाव अभी मन में ताजा हैं, उन्हें ही आकार दे दिया जाये, आपसे अनुरोध है, कविता पढ़ें और गुजरात देखने की प्रेरणा आपके भीतर भी जगी या नहीं, इस पर अपनी राय भी लिखें।


कुछ दिन तो गुजारें गुजरात में


पाषाण युग की बस्तियों के साथ

विश्व की प्राचीनतम सभ्यता का  

उद्गम स्थल 

जिसके चिह्न 

धौलावीरा में सुरक्षित हैं !

अफ़्रीका के पूर्वी किनारे से 

आ बसे 

आदिमानव के वंशज 

जहाँ आज भी हैं !

उनकी कलाओं का 

सम्मान भी किया जाता है, 

सदियों पूर्व बना

व्यापार का केंद्र 

तापी के तट पर बसा सूरत

इतिहास रचा गया 

साबरमती के तट पर 

पोरबंदर बापू की 

 अनमोल स्मृति दिलाता है !

गढ़े मानक आस्था के   

सोमनाथ की अमरता ने 

जगायी श्रद्धा और भक्ति 

द्वारिका की हवा में जादू है 

उमड़ती हज़ारों की भीड़ 

कृष्ण, रुक्मणी, सुदामा

जैसे आज भी जीवित हैं !

भुज उठ खड़ा हुआ पुन:

अंकित है ‘स्मृति वन’ में

कच्छ के रण की फ़िज़ाँ   

उमंग व ऊर्जा से पोषित है !

नमक के श्वेत मैदान 

चाँदनी रात में चमकते हैं जहाँ 

हज़ारों पंछियों की ध्वनि से

गूँजता है आसमाँ

 गीर के जंगलों में 

राजा का निवास 

एशियाई शेरों का घर

विश्व की धरोहर है ख़ास 

विश्व की सर्वाधिक ऊँची 

सरदार की मूरत 

बनी है केवड़िया की शान 

नर्मदा और माही के किनारे

बसे तीर्थ हैं इसकी आन

पश्चिम में मीलों तक फैले 

अनुपम विशाल सागर तट

हर पर्यटन स्थल जैसे 

अपनी ओर बुलाता है 

चंद दिन गुज़ार गुजरात में 

हर कोई 

उत्सव के रंग में डूब जाता है !