अतीत
बातों बातों में
छू जाती है जब
अतीत की कोई बात
मन पीछे हट जाता है तत्क्षण चौंक कर
अतीत उस पर हावी है
क्योंकि अधूरा रह गया है कुछ
जो पूरा होना चाहता है।
दबा है भीतर
अभिव्यक्त होना चाहता है।
नहीं प्रकटेगा जब तक
आसपास मंडराता रहेगा भूत की तरह
हजार-हजार तरीकों से चौंकाता रहेगा
कभी-कभी मन में धूल उठती है
स्मृतियों, भावनाओं, अनुभवों और आघातों की धूल
जिनके ज़ख़्म अभी भरे नहीं हैं।
मन बस उन्हें भूल गया है
क्योंकि वह भूलना चाहता है।
दूर धकेलता है उन घावों को
लेकिन वे वहीं बने रहते हैं
कभी भर नहीं पाते
जब तक बाहर लाकर
उन्हें सहला न दे
आँख भर के देख न ले
स्वीकारे उन्हें, जैसे कोई स्वीकारता है
प्रियजन की भूलों को
तब अतीत घुल जायेगा वर्तमान में !
