मंगलवार, सितंबर 5

रिश्ता इक अद्भुत बन जाता




रिश्ता इक अद्भुत बन जाता


शिक्षा, शिक्षण तथा प्रशिक्षक 

मानवता के पावन रक्षक, 

कोरे मन पर लिखें इबारत 

बन जाते हैं वही परीक्षक !


​​समुचित सम्मति देते शिक्षक 

सही-ग़लत का भेद बताते, 

लक्ष्य प्राप्त कर लें जीवन का 

विद्यार्थियों  को पथ सुझाते !


श्रेष्ठता का वरण करें सदा 

माध्यम  भी नैतिक  अपनायें, 

गुण-कमियों का करे आकलन 

शिष्य का मस्तिष्क पढ़ पाये !


मन में करुणा और दया भर 

सदा छात्र पर प्रेम लुटाये,  

जो शिक्षा का मोल न समझे

उसे भी धैर्य से समझाये !


आजीविका के योग्य बनाते 

भाषा वाणी शुद्ध बनाते, 

शिक्षक दिल में रह बच्चों के 

जीवन का मर्म समझाते !


उपलब्धि पर सदा शिष्यों की 

गर्व सदा शिक्षक को होता 

छात्र उन्हें आदर्श मानते 

रिश्ता इक अद्भुत बन जाता !



6 टिप्‍पणियां:

  1. सुन्दर भाव I शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं _/\_

    जवाब देंहटाएं

  2. आपकी लिखी रचना ब्लॉग "पांच लिंकों का आनन्द" बुधवार 6 सितंबर 2023 को साझा की गयी है......... पाँच लिंकों का आनन्द पर आप भी आइएगा....धन्यवाद!
    अथ स्वागतम शुभ स्वागतम।

    जवाब देंहटाएं
  3. शिक्षक का महत्त्व उद्घाटित करती सुंदर कविता।

    जवाब देंहटाएं