शुक्रवार, जुलाई 7

यहाँ दो नहीं हैं


यहाँ दो नहीं हैं

हर बार जब मैंने तुम्हें चाहा है
खुद को ही पसंद किया है
हर बार जब तुम्हारी किसी बात को सराहा है
अपनी पीठ थपथपाई है
हर कोई खुद से प्यार करे
तो कितनी हसीन हो जाये यह दुनिया
हर बार जब मैं तुम से दूर हुई
खुद से ही दूर हुई हूँ
हर शिकायत जो मैंने तुमसे की है
दरअसल वह अपने आप से की है
हर शूल जो मैंने तुम्हें चुभोया है
मेरे ही दिल में घाव बनकर कसक दे गया है
यहाँ हर कोई खुद से ही मुखातिब है
हम स्वयं को नहीं चाहते  
और इल्जाम दूसरों पर लगाये जाते हैं
खुद को सीधे-सीधे सता भी तो नहीं सकते
किसी के द्वारा खुद को सताये जाने का
इंतजाम भी खुद ही कर लेते हैं
यहाँ दो नहीं हैं
तुमसे जुड़ी हर बात खुद से ही जुड़ी थी
यहाँ केवल तुम ही तुम हो या केवल मैं ही मैं
यहाँ दो नहीं हैं ! 

गुरुवार, जुलाई 6

बन जाता वह खुद ही मस्ती


बन जाता वह खुद ही मस्ती 

मस्ती की है प्यास सभी को
हस्ती की तलाश सभी को

मस्ती जो बिछड़े न मिलकर
हस्ती जो बोले बढ़चढ़ कर

दोनों का पर जोड़ नहीं है
इस सवाल का तोड़ नहीं है

हस्ती मिटे तो मस्ती मिलती
यह सूने अंतर में खिलती

हस्ती तो है एक उसी की
मस्ती जिसके नाम में बसती

मिटा दी जिसने खुद की हस्ती

बन जाता वह खुद ही मस्ती 

बुधवार, जुलाई 5

थामता है हर घड़ी वह


थामता है हर घड़ी वह

बूँद बनकर जो मिला था
सिंधु सा वह बढ़ा आता,
रोशनी की इक किरण था
बन उजाला पथ दिखाता !

थामता है हर घड़ी वह
जो बरसता प्रीत बनकर,
खोल देता द्वार दिल के
फिर सरसता गीत बनकर !

हर नुकीली राह को भी
मृदु गोलाई में बदले,
कंटकों से जो भरी थी
मधु अमराई में बदले !

बस गया है आज दिल में
डाल डेरा और डंडा,
दूर से जो था पुकारे
मिल गया उसका ठिकाना !


सोमवार, जुलाई 3

जीवन की शाम

जीवन की शाम 

कितने बसंत बीते...याद नहीं 
मन आज थका सा लगता

मकड़जाल जो खुद ही बुना है
और अब जिसमें दम घुटता है
जमीनें जो कभी खरीदी गयीं थी
इमारतें जो कभी बनवायी गयी थीं
जिनमें कोई नहीं रहता अब
जो कभी ख़ुशी देने की बनीं थीं सबब
अब बनी हैं जी का जंजाल
घड़ी विश्राम की आयी
 समेटना है संसार !

हाथों में अब वह ताकत नहीं
पैरों को राहों की तलाश नहीं
अब तो मन चाहता है
सुकून के दो चार पल
और तन चाहता है
इत्मीनान से बीते आज और कल
खबर नहीं परसों की भी
कौन करे बात बरसों की
बिन बुलाये चले आते हैं
कुछ अनचाहे विचार आसपास
 होने लगा है कमजोरी का अहसास

पहले की सी सुबह अब भी होती है
सूरज चढ़ता है, शाम ढलती है
पर नहीं अब दिल की हालत सम्भलती है
कितने बसंत बीते...याद नहीं 
मन आज थका सा लगता !

उन सभी बुजुर्गों को समर्पित जो वृद्ध हो चले हैं.


रविवार, जुलाई 2

पा परस उसका सुकोमल



पा परस उसका सुकोमल

बह रहा है अनवरत जो
एक निर्झर गुनगुनाता,
क्यों नहीं उसके निकट जा
दिल हमारा चैन पाता !

झूमती सी गा रही जो
हर कहीं सोंधी बयार,
पा परस उसका सुकोमल
क्यों न समझे झरता प्यार !

निकट ही जो शून्य बनकर
बन अगोचर थाम रखता,
भूल जाता बेखुदी में
क्यों न उसका मान रखता !

जो बरसता प्रीत बनकर
संग है आशीष बनकर,
क्यों नहीं नजरें हमारी
चातकी सी टिकी उसपर ! 

शुक्रवार, जून 30

चुने राह के कंटक अनगिन


चुने राह के कंटक अनगिन

वरदानों को शाप मानकर
रहा खोजता द्वार सुखों का,
राह ताकता भटका राही
प्रियतम उर से कहीं निकट था !

तन कंचन सा कोमल अंतर
श्वासों की दी अद्भुत माला,
मेधा, प्रज्ञा शक्ति अनोखी
नयनों में भर दिया उजाला !

उऋण कहाँ तिल भर भी होगा
हर पल भी यदि कोई गाये,
चुने राह के कंटक अनगिन
पाहन पथ के दूर हटाये !

अलबेला मतवाला प्रियतम
सदा उलीचता निज भंडार,
झोली फटी अंजुरी छोटी
कहाँ भरेगा अकोर अपार !

जीवन का उपहार अनोखा
कदर न जाने दीवाना दिल,
हीरे-मोती सी श्वासों में
अश्रु पिरोये अंतर बोझिल ! 



गुरुवार, जून 29

खो जाता अनंत आकाश

खो जाता अनंत आकाश

ख्वाब मंजिलों के अंतर में
 पाहन बाँध पगों में चलते,
नील गगन में उड़ना चाहें
बँधी बेड़ियाँ खोल न पाते !

नजरें सदा क्षुद्र पर रहतीं
खो जाता अनंत आकाश,
घोर अँधेरे बसे हृदय में
ढूँढ़ रहा मन प्रखर प्रकाश !

सदा बँधी तट पर लंगर से
बरसों बरस नाव को खेते,
सुदूर कहीं प्रयाण न होता
गीत सदा उस तट के गाते !

छोटे-छोटे सुख की खातिर
कभी परम का दरस न होता,
जिसके कारण ही जीवन है
कण भर उसका परस न होता !

बुधवार, जून 28

हाथ थाम भी ले जाता है


हाथ थाम भी ले जाता है


जागें हम, कोई यह चाहे
भांति-भांति के करे उपचार,
कभी पिलाये दुःख का काढ़ा
सुख झूला दे कभी पुचकार !

राहें यदि दुर्गम लगती हों
हाथ थाम भी ले जाता है,
किंतु यदि न सजग रहा कोई
पथ का पत्थर बन जाता है !

ठोकर खाकर भी हम जागें
आखिर कब तक यूँ भटकेंगे,
चार दिनों का रौनक मेला
जरा मिलेगी, नयन मुदेंगे !

जाने कितने भय भीतर हैं
जड़ें काटना वह सिखलाये,
यदि न जागरण अविचलित रखा
झट आईना वह दिखलाये !

शुक्रवार, जून 23

अंतर इक दिन बने प्रार्थना


अंतर इक दिन बने प्रार्थना


उसके सिवा न कोई जग में
उसकी ही ख़ुशबू कण-कण में,
उससे ही प्रकटी हर शै है
उसकी ही प्रतिमा हर मन में !

ऐसा है वह, वैसा है वह
जाने कितने रूप बनाये,
दूर खुदा से अब भी उतना
मंदिर-मस्जिद रोज बनाये !

छिपी प्रीत है भीतर गहरे
अंतर है सूना का सूना,
अनजाना ही जग रह जाये
हर सूं फैला जलवा उस का !

पहली पुलक प्रेम है उसका
प्रेम ही पूजा, आराधना,
धीरे-धीरे लगे महकने
उर एक दिन बने प्रार्थना !

द्वार दिलों के रहें न उढ़के,
 प्रेम छलकता आता पल में,
कोमल सा अहसास खुदा है
जाना जाता सदा प्रेम में !

रतन अमोल छिपा तकता है
ढूँढ ले कोई खोया प्यार !
शब्द बड़े छोटे पड़ जाते,
मौन में बहती मदिर बयार !






बुधवार, जून 21

दोराहे हर मोड़ खड़े हैं




दोराहे हर मोड़ खड़े हैं



कहीं प्रज्ज्वलित अग्नि शिखा सी
कहीं धुँए से ढकी सुलगती,
कहीं सुगंधित अनिल बह रही
कहीं घुटन से फिजां रुँधी सी !

जीवन मिले बिछाय बिसातें 
चाहे जिस पाले में जाएँ,
पल-पल चुनना स्वयं को यहाँ
किसे सहेजें किसे लुटाएं !

दोराहे हर मोड़ खड़े हैं
निज हाथों में ही गेंद सदा,
हों स्वतंत्र हर दांवपेंच में
काटेंगे खुद का ही बोया !

एक ही नियम एक सदुपाय
जागे-जागे कदम बढ़े हर,
सूत्र यही इस खेल का सहज
यही बहे बन विजय का सुस्वर !

सोमवार, जून 19

तृषित उर की मालती है


तृषित उर की मालती है

खिल न पाया कमल दिल का
यही पीड़ा सालती है,
इक तंद्रालस ने घेरा
बात कल पर टालती है !

जगत केवल इक बहाना
एक अवसर, रास्ता इक,
खोज खुद की चल रही है
तृषित उर की मालती है !

साज भी है उँगलियाँ भी
मृदु रागिनी भी बज रही,
श्रवण लेकिन सुन न पाते
 चेतना धुन पालती है !

नीलवर्णी शुभ्र नभ पर
डोलते हैं मेघ सुंदर,
इस व्यूह में खो गया मन
पाश माया डालती है !

चले मीलों दूर फिर भी
मंजिलों से रहते सदा,
नींद लोरी दे सुलाए
सोमरस जो ढालती है !