pralay लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
pralay लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, मार्च 21

महाप्रलय

महाप्रलय

कैसी होती है महाप्रलय
झांका जब मैंने ग्रंथों में,
जहाँ पुकार-पुकार कह रहे
कवि-ऋषि अति स्पष्ट शब्दों में !

सृष्टि बनती और बिगड़ती
जाने कितनी बार उजड़ती,
पुनः-पुनः सजती और संवरती
नई-नई तकदीरें गढ़ती !

जब पूरी होती युग आयु
अनाचार प्रबल हो जाता,
जब सत्य, धर्म को तज मानव
निज सुख-साधन में खो जाता !

तब बादल जल ना धारेंगे
त्राहि-त्राहि मच जायेगी,
सूर्य प्रचंड तपन देगा
सागर, नदियाँ कुम्हलायेंगी !

संवर्तक दावाग्नि से
जल जंगल तृण से राख बनें,
अग्नि भूगर्भ की भी जागे
फट ज्वालामुखी लावा उगलें !

वायु धू-धू कर जला करे  
फिर छा जाये घनघोर घटा
गर्जन-तर्जन करते मेघा
वर्षा की बहे अविरल छटा !

बारह बरसों तक पानी की
धाराओं से धरती भीगे
 डूब-डूब जाएंगे प्राणी  
विश्राम करें ब्रह्मा जल में !

एकार्णव में रहें डोलते
बरगद पत्ते पर गोविन्द
दर्शन देते मार्कंडेय को
प्रलय काल का होगा अंत !

अनिता निहालानी
२१ मार्च २०११