शनिवार, जनवरी 31
कोई
गुरुवार, जनवरी 29
यदि मेरे हाथों में शासन की बागडोर हो
बुधवार, जनवरी 28
समुद्री यात्रा
समुद्री यात्रा
समुन्दर की असंख्य लहरों पर
डोलती, झूमता हुआ मस्त खटोले सी
बढ़ता जाता है जहाज
आकाश और समुंदर जहाँ मिलते हैं
क्षितिज पर धूमिल हो गया है भेद
आकाश छू रहा है लहरों को
या लहरें उठती चली गई हैं उस तक
सर्पिली लहरें फेन बनाती हुई नाच रही हैं
जो बिखर जाता है पल भर में
जीवन की नश्वरता का बोध कराता हुआ
शाश्वत है जल पर लहरें नश्वर
ज्यों शाश्वत है जीवन, जगत नश्वर
सामने बिछी है जल की अनंत राशि
आह्लादित हैं सैकड़ों दिल जिसे निहार
संजो रहे हैं मनों में
यह अनुभव शायद पहली बार !
रविवार, जनवरी 25
बहे अटूट प्रेम की धारा
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर
भारत भू की गौरव गाथा
आज सुनाने का दिन आया,
संविधान का पर्व मनाते
जिसको इस दिन था अपनाया !
पावन संस्कृति अति पुरातन
विश्व साथ दे हर उत्सव में,
भजन क्लबिंग कर युवा आज के
भक्तिभाव जगायें उर में !
वन्य प्रांत भी बढ़ता जाता
नदियाँ भी नव जीवन पाएँ,
अक्षय ऊर्जा का प्रयोग कर
ग्लोबल वार्मिंग नित घटाएँ !
उत्तर दिशा विराट हिमालय
सागर तट सुंदर दक्षिण में,
भारत की सीमाएँ सुरक्षित
मार्ग दिखाता नवाचार में,
जहाँ कहीं भारतवासी हों
विजयी तिरंगा जब फहराते,
बहे अटूट प्रेम की धारा
अनायास ही दिल जुड़ जाते !
विकसित राष्ट्र की नींव डल रही
दूर बहुत अभी जाना है,
पाएँ सभी अधिकार समान
यही मूल्य नित अपनाना है !
शुक्रवार, जनवरी 23
वसंत पंचमी
वसंत पंचमी
खिले कुसुम महकी अमराई
मधु वासंती पवन बही है,
ऋतुराजा का स्वागत करने
क़ुदरत सारी निखर रही है !
सरसों फूली खलिहानों में
कण-कण जीवंत हुआ भू का,
प्रीत जगाये रस अंतर में
नव उमंग नव भरे ऊर्जा !
सृष्टि में संगीत संजोने
स्वरदेवी का हुआ अवतरण,
कर वीणा तारों को झंकृत
ज्ञान ज्योति का किया प्रस्फुटन !
रविवार, जनवरी 11
नये साल की कविता
नये वर्ष के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ
नये साल में निर्दोष न मारे जायें
हो नहीं अन्याय का शिकार भी कोई,
बंद हों युद्ध, करें निर्माण देशों का
हो हितैषी ‘ए आइ’ न छल करे कोई !
मिटे विषमता, हर भेद मिटे दुनिया से
हर इंसान, इंसान की क़ीमत जाने,
दिल की गहराई में झांक सके मानव
नहीं किसी को, कभी भी पराया माने !
एक ही लौ, जल रही है हरेक दिल में
संग शीतलता के जो उजाला देती,
नूतन वर्ष में बने वही पथ प्रदर्शक
युगों-युगों से जो सदा हौसला देती !
.jpg)

.jpeg)
.jpg)