शब्दों की अपनी सीमा है
दो शब्दों के अंतराल में
बस रहा मौन, पढ़ना होगा ,
करते वे जिस ओर इशारा
उसमें प्राण फूँकना होगा !
अम्बर में निर्मुक्त बहे मन
शब्द तभी जीवंत बनेंगे,
साधन सहज करेंगे ऐसा
अंतर की पीड़ा हर लेंगे !
कवि ! शब्दों में प्राण उड़ेंलो
हृदय की शून्यता भी सिमटे,
कर्मों की हर बाधा मिटकर
सहज अचलता, मृदुता झलके !
विमल प्रेम जो सोया भीतर
छू लें उसे, बोध भी जागे,
जैसे बीज भेद कर पाहन
जागे, पनपे, जड़ता त्यागे !
अंतर धुले पोंछ डालें फिर
दुःख की अंतिम स्मृति भुला दें
नूतन सृष्टि हो एक ऐसी
राज अनछूए से खोल दे !

सुन्दर रचना !
जवाब देंहटाएं