सोमवार, अप्रैल 1

कुछ दिन गुजरात में - २

कुछ दिन गुजरात में - २


गिर वन्यजीव अभयारण्य 


आज सुबह हम केवड़िया से साढ़े आठ बजे रवाना हुए और शाम को सात बजे गिर पहुँच गये। संपूर्ण गुजरात में ही सड़कें बहुत अच्छी हैं, और इस मार्ग पर यातायात भी अधिक नहीं था। हमारा ड्राइवर मेहुल बहुत सुरक्षित गाड़ी चला रहा था। उसमें एक ही बात अखर रही थी, वह दिन भर पान मसाला खाता रहता और रास्ते में चलते हुए कई बार कार का दरवाज़ा खोलकर मुँह साफ़ करता। जब हम राजकोट मपहुँचे,  दो भव्य मंदिर देखने को मिले। पहला था अठाहरवीं शताब्दी के संत जलाराम का मंदिर, जिनकी कहानी चमत्कारों से भरी है। उन्हें किसी साधु ने राम की मूर्ति दी थी और कहा था हनुमान भी अपने आप पीछे आयेंगे।और ऐसा ही हुआ। मंदिर में उन स्वयंभू हनुमान की मूर्ति भी थी। दूसरा श्री खोडाल धाम मंदिर था, जो गुजरात के पटेल समुदाय ने बनवाया है। यह मंदिर भी सोमनाथ के मंदिर की तरह बना है, पर आकार में उससे छोटा है। उड़ीसा के कलाकारों ने इसकी बाहरी दीवारों पर मूर्तियों का निर्माण किया है तथा भीतर राजस्थान से मँगवायीं श्वेत संगमरमर की मूर्तियाँ हैं। जिन्हें देखने से लगता है वे अभी बोल पड़ेंगी। इस रिजार्ट में रात्रि भोजन के बाद आदिवासी सिंह नृत्य का आयोजन किया गया है। 

आज सुबह साढ़े सात बजे हम हिरण नदी के किनारे पक्षी दर्शन के लिए गये। अनेक सुंदर पक्षियों को उनके प्रकृति आवास में देखकर अति आनंद हुआ, हमने कई सुंदर तस्वीरें उतारीं। दोपहर को दो बजे जंगल सफारी के लिए जाना था। ड्राइवर लालू ने पैंतालीस किलोमीटर के निर्धारित इलाक़े में घुमाया। गाइड शैलेश भी साथ था, जिसने एशियाई बब्बर शेरों तथा जंगल के बारे में कई जानकारियाँ दीं। उसका परदादा नामधारी थे, जो पशु पालन का काम करते हैं। यहाँ सदियों पूर्व अफ़्रीका से आये लोग भी रहते हैं। इस राष्ट्रीय उद्यान में चीतल, नीलगाय,सांभर, हिरण आदि बहुतायत में मिल जाते हैं। शेरों की संख्या बढ़ने में इनका भी योगदान है। हमें एक नर शेर दिखायी दिया, फिर शेरनी व उसके दो बच्चे भी। शाम को लौटे तो सूर्यास्त होने को था। शाम को रिजार्ट वालों की तरफ़ से कुछ खेल खिलाए गये। इसके बाद गिर के जंगलों पर आधारित एक डाक्यूमेंट्री फ़िल्म भी दिखायी गई। 


सोमनाथ 


आज का दिन भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा। आज अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ संपन्न हो गया। मोदी जी ने बहुत अच्छा भाषण दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व राज्यपाल भी वहाँ उपस्थित थे। आज सुबह भी हम सफारी के लिए गये थे, एक शेर के दर्शन हुए। लगभग साढ़े ग्यारह बजे सासन गिर से निकले और एक घंटे में द्वारिका स्थित होटल सरोवर पोर्टिको पहुँच गये। रास्ते में मोबाइल पर प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण देखते रहे। दोपहर तीन बजे तक यह कार्यक्रम चलता रहा। संध्या पूर्व हम प्रभास क्षेत्र में स्थित सोमनाथ मंदिर में दर्शन के लिए गये। मोबाइल व घड़ी पहले ही जमा करवा ली जाती है। मंदिर बहुत भव्य है। मंदिर के कलश पर स्वर्ण की परत लगायी गई है, जो दस टन का है ।इसके बाद हम भालका तीर्थ के मंदिर के दर्शन के लिए भी गये। कृष्ण के देह त्याग की सुंदर मूर्ति वहाँ स्थापित है। पुराणों के अनुसार श्रीकृष्ण भालुका तीर्थ पर पर विश्राम कर रहे थे, तब जरा नामक एक शिकारी ने भूल से उन पर तीर चलाया था, जो उनके पैर के तलुवे में लगा था। इसी स्थान पर कृष्ण ने इहलोक की लीला समाप्त की थी। 


शाम को हम मंदिर के निकट समुद्र तट पर गये, जहाँ हज़ारों की संख्या में उत्साहित भीड़ एकत्र थी। सूर्यास्त के प्रकाश में सागर का जल सोने का सा चमक रहा था। सैकड़ों की संख्या में जल पक्षी उड़ रहे थे और नि:शंक लोगों के पास आकर बैठ रहे थे। हमने कुछ समय वहाँ बिताया फिर मंदिर में  आ गये। लेजर शो की टिकट लेकर कार्यक्रम की प्रतीक्षा करने लगे। धीरे-धीरे वहाँ लोग उपस्थित होने लगे और सारा प्रांगण भर गया। पहले आरती हुई, फिर कीर्तन करवाया गया।इसके बाद हमने सोमनाथ मंदिर के इतिहास को ध्वनि व प्रकाश के अद्भुत शो के माध्यम से मंदिर की दीवारों पर सजीव होते देखा।  कल हमें द्वारिका जाना है। 



परमात्मा कण-कण में है, तीर्थों में उसकी अनुभूति की जा सकती है। जैसे हवा हर जगह है पर पंखे के नीचे बैठकर उसका अनुभव तीव्रता से होता है। सोमनाथ का यह पावन तीर्थ हृदय को हृदय को पावन करने वाला है। युगों पूर्व इसका निर्माण राजा सोम ने करवाया था, जो क्षय रोग से पीड़ित हो गये थे। उन्होंने तप किया, शिव प्रकट हुए। हर युग में इस मंदिर की स्थापना पुन: पुन: होती रही। गजनी के बाद न जाने कितने आक्रांताओं ने इसे तोड़ा और इसकी अकूत सम्पति को साथ ले गये , पर भारत की अक्षुण्ण संस्कृति की यह शाश्वत सामर्थ्य और परंपरा है जिसने इसे बार-बार सृजित किया। इस स्थान की पवित्रता को कोई कैसे ले जा सकता था। शिव की ऊर्जा जो यहाँ स्थायी रूप से स्थापित है उसे नष्ट करने का कोई साधन उनके पास नहीं था। वह ऊर्जा ही समय-समय पर भक्तों के हृदयों में निर्माण का बल भरती रही और आज़ादी के बाद यह सुंदर तीर्थ जो आज हमारे सम्मुख है, प्रकट हुआ। सोम का अर्थ है चंद्रमा, जो मन का प्रतीक है। मन का जो नाथ है वह कल्याणकारी शिव ही प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में यहाँ स्थापित है, उसी का अंश आत्मज्योति के रूप में हमें अपने भीतर जलाना है। जब मन हर कुटिलता को छोड़कर सुडौल पत्थर की भाँति तराश लिया जाएगा तब वह शिवलिंग की भाँति शांति प्रदायक बनेगा। उसकी पूजा दूध, घी, दही, बेल पत्र, मधु, जल, पुष्प आदि से होती है, जो हमारी भावनाओं के प्रतीक हैं। तीनों गुणों से ऊपर उठकर जब हम अपने ह्रदय को आनंद, प्रेम और शांति के त्रिपुंड से सजाते हैं, तब सोमनाथ की कृपा का अनुभव होता है।        






12 टिप्‍पणियां:

  1. आपकी लिखी रचना ब्लॉग "पांच लिंकों का आनन्द" बुधवार 3 अप्रैल 2024को साझा की गयी है......... पाँच लिंकों का आनन्द पर आप भी आइएगा....धन्यवाद!

    अथ स्वागतम शुभ स्वागतम।

    जवाब देंहटाएं