सत्यमेव जयते
सत्य की विजय होती है सदा
क्योंकि सत्य ही विजय है !
सत्य अग्नि है
जो हर झूठ को निगल जाती है अंतत: !
सत्य का दामन काँटों भरा लगता है
पर उल्लास के पुष्प भी वहीं खिलते हैं !
कहते हैं सत्य की राह दुधारी तलवार की तरह होती है
पर संतुलन की कला वहीं सीखी जाती है !
सत्य हरेक शै का आधार है
हरेक के अंतर्मन में छिपा निर्दोष प्यार है !
असत्य भी सत्य का सहारा लेता है
नादान रस्सी को ही साँप समझ लेता है
और सीपी को चाँदी !
सत्य कभी मरता नहीं
क्योंकि वह कभी जन्मता नहीं
असत्य बनावट है, जो जन्माया जाता है
सो एक दिन निश्चित है उसकी मृत्यु !


