गणेशोत्सव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गणेशोत्सव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, अगस्त 30

गणेश चतुर्थी

 तेरे गुण अनुपम अनंत हैं

जग करता तेरा आराधन

हे गणपति ! हम तुझे चाहते,

 सबके साधन पूर्ण करे तू 

तुझसे बस हम प्रेम मांगते !


ज्ञानसिंधु तू विघ्न विनाशक

रिद्धि सिद्धि का भी है दाता,

 अव्यक्त, चिन्मया, अविनाशी

बुद्धि, विवेक, बोध प्रदाता !


तू विशाल, निर्भय, गर्वीला

दर्शन तेरा शक्ति जगाता,

तेरे गुण अनुपम अनंत हैं

अंतर में चेतना जगाता  !


बड़ी शान है, बड़ा दबदबा

हर बाधा को सदा रौंदता,

आगे बढ़ने का बल देता

अति दयालु, हर पीड़ा हरता !


कर्ण विशाल सभी की सुनता

नयनों में असीम गहराई,

जो भी झाँकें इन नयनों में

प्रज्ञा उसकी भी जग आई !


छोटे-बड़े सभी हैं तेरे

सदा जागृत सजग प्रहरी सा,

भक्त प्रेम से बंधता तुझसे

दुर्जन को यह पाश बाँधता !


छोटा सा मूषक भी तेरा

मोदक मृदु आनंद सा  रसमय,

तुझे समर्पित है तन-मन-धन

हे अनंत ! जग तुझको ध्याता !