दीवार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
दीवार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, अगस्त 23

मुक्ति का गीत


मुक्ति का गीत


मुक्त हूँ ! इस पल ! यहाँ पर !


मुक्त हूँ हर बात से उस 

हर घड़ी जो टोकती थी,

याद कोई जो बसी थी 

भय बताकर टोकती थी !


मुक्त हूँ नित भीत से भी 

तर्क के उन सीखचों से, 

तोड़ दी दीवार हर वह 

बोझ जिनका था सताता !


मुक्त हूँ ! इस पल ! यहाँ पर !


नील अम्बर सामने था

किंतु दिल यह उड़ न पाता,

 बांध ली थीं साँकलें कुछ  

क़ैद मन को कर लिया था !


मुक्त हूँ हर बात से उस 

हृदय को खिलने न देती 

सहज अपनापन जगाकर 

जो कभी मिलने न देती 


मुक्त  हूँ ! इस पल ! यहाँ पर !

शनिवार, जनवरी 31

एक इल्तजा


एक इल्तजा


दबा न रहे राख में दहकने दो अंगारा
मखमली सुर्ख चमकने दो अंगारा,
जल जाने दो हर सूं... कि निखर आएगा रूप
बरस जाने के बाद ज्यों खिल के निकले है धूप !

रहे न कोई पर्दा आज गिर जाने दो हर दीवार
कभी तो हो वह सामने... कभी तो हो दीदार
हट जाने दो हर शर्मोहया आज सामने आओ
फिर न मिलेगी यह रात अब न शरमाओ !

ओ खुदा ! अब न तुझे दूर से पुकारेंगे
तेरे हैं हम हक से तुझे निहारेंगे
अब निभाने होंगे वे सारे वादे तुझे
नहीं बहला सकेगा अब दूर से मुझे !

अजीब बात है यह वह ही लिखवाता है
खुद से मिलने के सिले किये जाता है,
‘मैं’ तो हूँ ही नहीं इस कहानी में
 बस थामी है कलम हाथ में, नादानी में !


मंगलवार, अगस्त 14

प्रेम पूर्णता की तलाश है


प्रेम पूर्णता की तलाश है

जब मैं, तुम में खो जाती है
तब जो शेष रहता है
वही प्रेम है
मैं और तुम अधूरे हैं पृथक-पृथक
तलाश है हमें पूर्णता की
अनंत काल से हैं आतुर एक होने को
पर कुछ न कुछ आ ही जाता है मध्य में  
कभी अहंकार, कभी संसार
चलो गिरा दें सारी दीवारें
मिटा दें सारे भेद
एक बार तो पूर्णता के चरम क्षण को करें महसूस
तुम एक थे अनेक हुए
संसार बसाया 
पर चैन न पाया
उन बिछुड़े हुओं से मिलने का ख्याल
बार-बार तुम्हें धरा पर लाया
लुभाने को तुमने लाखों सरंजाम किये
पर भीतर-भीतर खुद तक जाने के भी
सारे इंतजाम किये
दो के बीच तीसरे की जगह कहाँ है
प्रेम की यह गली इतनी संकरी जो है
अब जो भी मिलन होगा वह अंतिम मिलन होगा
पूर्णता तक ही बढ़ेगा हमारा हर कदम...

सोमवार, नवंबर 28

रब भीतर तू बिछड़ा था कब


रब भीतर, जग बिछड़ा था कब


तोड़ दीं बेडियाँ अब तो सब
अब ना जग चाहिए, न ही रब,
तज कर ही तलाश को जाना
रब भीतर, जग बिछड़ा था कब !

चाह मात्र ही दीवार थी
नाहक जिंदगी दुश्वार थी,
मुक्त पखेरू की मानिंद था
चाहत ही लटकी कटार थी !

नभ अपना अब जग सब अपना
नहीं अधूरा कोई सपना,
कदम-कदम पर बिखरी मंजिल
नहीं नींद में उनको जपना !

जिसे भेद का रोग हो लगा
कोई उजास न दिल में जगा,
वही मिटाये बस दूरी को
दिल तो सदा खुशबू में पगा !

दीप से ज्योति की है दूरी?
माटी में है गंध जरूरी,
दिल में नहीं, कहाँ होगी फिर
परिक्रमा मंदिर की पूरी !