बुधवार, मई 31

जब

जब 

प्रेम एक आशीष सा 

झोली में आ गिरता है 

दिशाएँ गाने लगतीं 

कोहरे में छिपा लाल सूर्य का गोला 

अंकित हो जाता सदा के लिए 

मन के आकाश पर 

वृक्षों के तनों से सटकर बैठते

 ज़मीन की छुअन को 

महसूस करता तन 

फूलों की सुवास 

किसी नशीली गंध की तरह 

भीतर उतर जाती

वर्षा की प्रथम मोटी-मोटी बूदें 

जब पड़तीं सूखी धरा का ताप हरने 

ठहर जातीं कमल के पत्तों पर पारे की तरह 

लटकती डालियों से झूलते 

कभी घास पर लेटकर 

तकते घंटों आकाश को 

एकाकी कहाँ रहता है सफ़र जीवन का 

जो अस्तित्त्व को निज मीत बनाता है 

वृक्षों, फूलों, बादलों को 

नित क़रीब पाता है 

भावना में जीता वह

भावना को पीता है 

मौन में गूंजती हुई 

दिशाओं संग 

गुनगुनाता है 

अचल तन में घटता है नृत्य भीतर

निरख श्यामला धरा 

अंतर लहलहाता है 

उड़ता है हंसों के साथ 

मानसरोवर की पावनता में 

शांति की शिलाओं पर 

थिर हो आसन  जमाता है 

ज्ञान का सूर्य जगमगाता है 

निरभ्र निस्सीम आकाश सा उर 

बन जाता है ! 

 



गुरुवार, मई 25

है कोई अनुबंध अनकहा

है कोई अनुबंध अनकहा

अंक लिए संपूर्ण  सृष्टि को 
वह असीम यूँ डोल रहा है,
ह्रदय गुहा का वासी भी है 
निज रहस्य को खोल रहा है ! 

अंतरैक्य जब भी घटता है 
सिंधु बिंदु में झर-झर जाता,
अम्बर सा जो ढाँपे जग को 
लघु उर में वह अजर समाता !

अक्षत, अगरु, अग्नि स्फुलिंग सी  
ज्योति अखंड बिखेरे भीतर,
अनंत, अचल , अमरत्व , अदम्य 
भरे आस्था, प्रीत निरंतर ! 

अनुकंपित कण-कण को करता 
है कोई अनुबंध अनकहा,
रहे अगोचर कहने भर को 
हस्ताक्षर हर कहीं दिख रहा ! 

स्वयं अनुरक्त दृष्टि डालता 
सहस भुजाओं वाला कहते,
अनुरागी अंतर को मथता 
प्रेमिल अश्रु यूँ नहीं बहते ! 

शुक्रवार, मई 19

मुक्ति

मुक्ति 


स्मृति पटल पर अंकित 

हैं कुछ पल 

 कर याद जिन्हें होता अंतर सजल 

चिकित्सक ने उतारा पुराना 

और सरका दिया नूतन मल्टी फ़ोकल लेंस 

आँख के भीतर 

जिनमें भरा था द्रव 

और ऊपर तेज रोशनी थी 

टीवी पर देख रहे थे प्रियजन 

आपरेशन की सारी गतिविधि 

चंद मिनटों में ही ओटी से बाहर ले आये वे 

तब घंटों, दिनों व हफ़्तों में बाँटकर 

हुए सिलसिले आरम्भ बूँदें डालने के 

चढ़ाया चार दिन काला चश्मा  

फिर पारदर्शी बिना नंबर का 

दाहिनी के बाद 

बायीं आँख की बारी आयी 

इस तरह  बरसों बाद 

चश्मे से मुक्ति पायी ! 


बुधवार, मई 17

किताब ज़िंदगी की

किताब ज़िंदगी की 


मुस्कुराओ कि अभी ज़िंदा हो 

आख़िर किस बात पर शर्मिंदा हो 

हाथ थामा है जब उसने 

आगे बढ़कर, 

परवाज़ लगाओ

 मानो कोई परिंदा हो 

रूह तो क़ैद नहीं, उसकी सुनो 

अमन औ” चैन के नये ख़्वाब बुनो !

ज़िंदगी किताब कोरी सी 

हर रात हो जाती,  

हर सुबह नया इक नाम चुनो !

ओढ़ रखा है क्यों मायूसी का

 लबादा सिर पर 

जब डोर बांधी है जन्नतों से दिल की 

कोई सागर पास ही उफनता है 

नाच सकते हो जिसकी लहरों पर 

चाँद छूने का बस इक इरादा ही काफ़ी  

दिल की गहराइयों से जो निकला हो 

श्वासें न खर्च हों समेटते उदासियों को

जबकि हाथ कोई प्यार से सिर पर रखे  ! 


बुधवार, अप्रैल 26

कविता खो गई है !

कविता खो गई है !


प्रेम नहीं बचेगा जब जीवन में 

कविता खो जाएगी 

काव्य प्रेम का प्रस्फुटन है 

तुलसी, सूर, कबीर, नानक 

या मीरा हो 

प्रेम के मारे हुए थे 

कोई राम के प्रेम का दीवाना 

कोई कृष्ण का चाकर 

किसी को साहेब रिझाना था 

किसी को ओंकार गाना था 

प्रेम जब भीतर न समाये तो 

काव्य बन जाता है 

चाहे ख़ुद से हो या जगत से 

ख़ुद की गहराई में 

ख़ुदा से हो जाती है मुलाक़ात 

कण-कण में वही नज़र आता  है

इसलिए कविता की फ़िक्र छोड़ दो 

पहले भीतर प्रेम जगाओ 

मन का आँगन जरा बुहारो 

श्रद्धा दीप जलाओ 

प्रियतम की मूरत रखकर 

प्रीत सुगंध बहाओ 

तब फूटेगी काव्य की सरिता 

स्वयं को आप्लावित कर 

जगत में बहेगी 

हर पीड़ा, हर दुख मुस्कुरा कर सहेगी ! 


शनिवार, अप्रैल 22

उर नवनीत चुराने वाला

उर नवनीत चुराने वाला 


श्वासों का उपहार मिला है 

जीवन की हर घड़ी  अनमोल, 

प्रेम छुपा हर इक अंतर में 

 कृष्ण  की गीता के हैं बोल !


मेरा ही बन, नमन मुझे कर 

मन, मेधा मुझको कर अर्पित, 

मुक्त हुआ फिर विचर जहां में 

हो मेरी माया से ऊर्जित !


तेरा कुशल-क्षेम मैं धारूँ

सुख-दुख के तू ऊपर उठ जा, 

युग-युग के हम  मीत  अमर हैं  

मुझे याद सब तू है भूला !


कण-कण में मेरी आभा है 

रवि, चन्द्र, तारों की चमक भी, 

मेरी  कुदरत से प्रकटी है 

सृष्टि में मति, प्रज्ञा आदि भी !


कैसे करें न सदा शुक्रिया  

जो कान्हा आनंद बिखेरे, 

उर नवनीत चुराने वाला 

मृदु  भावों की बंसी टेरे !


व्याप्त रहा है भीतर बाहर 

सूक्ष्म लोक के राज खोलता, 

गुरु बनकर मार्ग दिखलाए 

सखा बना वह  संग  खेलता !


बुधवार, अप्रैल 19

श्वास-श्वास में सिमरन हो जब

श्वास-श्वास में सिमरन हो जब


श्वासों में मत भरें सिसकियाँ 

हैं सीमित उपहार किसी का, 

दीर्घ, अकंपित अविरत  गति हो 

इनमें कोई राज है छुपा !


श्वास-श्वास में सिमरन हो जब

वाणी में इक दिन छलकेगा, 

मन को बाँधे ऐसी डोरी 

श्वासों से ही मधु बरसेगा !


श्वासों का आयाम बढ़े जब 

सारा विश्व समाता इनमें, 

एक ऊर्जा है अनंत जो 

ज्योति वह प्रदाता जिसमें !


श्वासों की माला पहनी है 

भरे सुगंधि मधुराधिपति की, 

इनकी गहराई में जाकर 

द्युति निहारें हृदय  मोती की !



रविवार, अप्रैल 16

पलकों में है बंद ख़्वाब इक


पलकों में है बंद ख़्वाब इक 


झर-झर झरता बादल नभ से 

सम्मुख दरिया भी बहता है,

सब कुछ पाकर भी इस दिल का 

प्याला ख़ाली ही रहता है !


जाने किसको ढूँढ रही हैं 

 दिवस-रात्रि स्वप्निल दो आँखें  

जाने कैसे बिगड़ी जातीं  

 बनते-बनते सारी बातें ! 


हर सुख पाया है इस जग का

फिर भी इक कंटक  चुभता है, 

पलकों में है बंद ख़्वाब इक 

अक्सर ही आकर तकता है ! 


पूर्ण नहीं होती यह कैसी 

प्यास जगी है अंतर्मन में, 

जीवन सूना-सूना लगता 

थिरता कब  आयी जीवन में !


कसक न दिल की दूर हुई है 

 कैसे होगी यह भान नहीं, 

सुख-सुविधा के अंबार लगे  

ख़ुद का ही नर को ज्ञान नहीं ! 


शनिवार, अप्रैल 15

एक सच


सच 


छिपा होता है 

सच स्वप्नों में भी 

और  दिखाई दे जाता है झूठ

हक़ीक़त में कभी 

  कितना सच है स्वप्न मृत्यु का

क्योंकि अवश्यंभावी है वह 

और स्वप्न जान पड़ता है 

उसके बाद का जीवन !



एक 


दो मन एक सा सोचते हैं 

दुनिया के दो हिस्सों में 

क्योंकि आये हैं 

एक ही स्रोत से 

एक है उनका उद्देश्य 

 निर्धारित किया है

 जो नियति ने

 एक से शब्द निकलते हैं 

मिलने पर मुख से मित्रों के कभी-कभी 

क्योंकि एक है वाणी का स्रोत भीतर 

हर शै एक ही ओर इशारा करती है 

ख़ुशी का स्वाद एक है 

जिसे लोग चखना चाहते हैं !


शुक्रवार, अप्रैल 14

आये पर्व अनोखे


आये पर्व अनोखे

जब बजे ढोल, नाचते  कृषक

झूमी फसलें, ह्रदय में पुलक ! 


‘नब बर्ष’  बंगाल में आये

‘पुत्तांडु’ सभी तमिल मनायें !


केरल में पावन  ‘पूरम विशु’

असम में ‘रोंगाली  बीहू’!


गुरूद्वारों में द्युति छायी

तब प्यारी बैसाखी आयी !


धूम मचाती भाती हर मन

जन्म खालसा हुआ इसी दिन !


अमृत छकया पंच प्यारों ने

गुरुसाहब की याद दिलाने !


भँगड़ा  गिद्दा होड़ लगाते

घर बाहर रोशन हो जाते !


सब के मन पर मस्ती छायी  

तब प्यारी बैसाखी आयी !


बुधवार, अप्रैल 12

एक प्यास जो अंतहीन है


एक प्यास जो अंतहीन है


एक ललक अम्बर  छूने की 

एक लगन उससे मिलने की, 

एक प्यास जो अंतहीन है 

एक आस खुद के खिलने की !


सत्य अनुपम मन गगन समान 

उसमें मुझमें न भेद कोई, 

जल में राह मीन प्यासी क्यों 

खिल जाता वह ठहरा है जो !


पाने की हर बात भरम  है 

जो भी अपना मिला हुआ है, 

बनने की हर आस भुलाती 

हर उर भीतर खिला हुआ है !


भीतर ही विश्राम सिंधु है 

भर लें जिससे दिल की गागर, 

गर उससे तृप्ति नहीं पायी 

परम भेद कब हुआ उजागर !


शनिवार, अप्रैल 8

मिलन

मिलन 

एक कदम बढ़ाओ तो  
वह हज़ार कदमों से चलकर आता है 

आवाज़ लगाने भर की देर है 

भेज देता है देवदूत सा कोई जन 

जिसका सान्निध्य 

शीतल जल और अग्नि एक साथ है 

जो जला डालता है सारे बंधन 

और मिटा देता उनकी राख भी

बहा निर्मल ज्ञान गंगा 

 खिल जाते हैं अंतरउपवन

प्रेम की पूर्णता के रूप में 

 उगता है चाँद

बिखरी है जिसमें

 शरद की ज्योत्सना   

बरसती हैं जल धाराएँ 

 सावन-भादों की 

मानो झर रही हो नभ से शांति और शुभता 

अनंत से मिलन का यही तो परिणाम है 

कि वह हर जगह है 

हिमालय की गुफाओं में ही नहीं 

अंतर गह्वर में भी, क्योंकि 

भीतर ही काशी है भीतर ही कैलाश !